ब्रिटेन के युवक ने बनाई उड़ने वाली होवरबाइक !

               ब्रिटेन के एक युवक कॉलिन फर्ज का एक ताजातरीन वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो चुका है। विज्ञान के सिद्धांत और उनका सही इस्तेमाल करते हुए अपनी उत्सुकता और जुनून के लिए कई खोजें कर चुके फर्ज ने अब एक होवरबाइक बनाई है. जो हवा में उड़ती है।
 
               ब्रिटेन के गैराज इंवेंटर और वीडियो मेकर कॉलिन फर्ज जो अपने गैराज में कुछ न कुछ नया खोजने या बनाने में लगे रहते हैं, ने अब एक होवरबाइक बनाई है। पानी और जमीन पर चलने वाली होवरक्राफ्ट की तर्ज पर बनी यह बाइक हवा में उड़ती है। 

              यूट्यूब पर जारी इस वीडियो को अब तक 5,905,955 से ज्यादा यूजर्स देख चुके हैं। फर्ज ने कैसे इस बाइक को बनाया, कितनी बार गिरे, कैसे इसकी डिजाइन में सुधार किया और कितनी मेहनत की इसकी पूरी जानकारी देता यह वीडियो वाकई दर्शकों और तकनीक के दीवानों को हैरानी में डाल देगा।            


               फर्ज का नाम वर्ष 2006, 2008 और 2010 में गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में भी दर्ज हो चुका है। सबसे पहले उन्हें लॉन्गेस्ट बोनफायर के लिए, फिर सबसे लंबी मोटरसाइकिल बनाने के लिए और फिर एक मोबिलिटी स्कूटर को सबसे तेज रफ्तार चलाने के लिए उन्हें यह सम्मान दिया गया था।

Comments