9 नवंबर से शुरू होगा अयोध्या में श्री राम मंदिर का निर्माण !

                अखिल भारतीय संत और धर्म सम्मेलन में अयोध्या में राम मंदिर बनाने की तारीख को लेकर फैसला किया गया है। उज्जैन में सिंहस्थ के दौरान हुई धर्म संसद में फैसला किया है कि मंदिर निर्माण इसी साल 9 नवंबर (कार्तिक अक्षय नवमी) से शुरू कर दिया जाएगा। सिंहस्थ मेला परिसर में हुई इस धर्म संसद के मुताबिक, मंदिर निर्माण की शुरुआत रामलला परिसर में सिंह द्वार बनाकर की जाएगी।

                राम जन्मभूमि के 77 एकड़ जमीन जिसे विवादित कहा जाता है उस पर निर्मोही अखाड़ा अपना हक जताता रहा है। अखाड़ा इस मामले में कानूनी लड़ाई भी लड़ रहा है। इलाहाबाद हाईकोर्ट के फैसले में निर्मोही अखाड़े को भी जमीन का एक हिस्सा दिया गया था। हालांकि इलाहाबाद हाईकोर्ट के फैसले पर सुप्रीम कोर्ट ने रोक लगा रखी है।

               राम मंदिर मुद्दा 1989 के बाद अपने उफान पर था। इस मुद्दे की वजह से तब देश में सांप्रदायिक तनाव फैला था। देश की राजनीति इस मुद्दे से प्रभावित होती रही है। हिंदू संगठनों का दावा है कि अयोध्या में भगवान राम की जन्मस्थली पर बाबरी मस्जिद बनी थी। मंदिर तोड़कर यह मस्जिद बनवाई गई थी। राम मंदिर आंदोलन के दौरान 6 दिसंबर, 1992 को अयोध्या में बाबरी मस्जिद का विवादित ढांचा गिरा दिया गया था। मामला अब सुप्रीम कोर्ट में है।

Comments