सेरेना विलियम्स ने दौड़कर मोबाइल चोर को दबोचा

               टेनिस महिला एकल में दुनिया की नंबर एक खिलाड़ी 34 वर्षीय सेरेना विलियम्स को कोर्ट पर अपने दमखम के लिए जाना जाता है लेकिन इस टेनिस स्टार ने अब कोर्ट से बाहर भी खुद को सुपरवूमैन साबित किया जब उन्होंने दौड़कर उस आदमी को दबोच दिया जो रेस्टोरेंट में भोजन कर रही इस स्टार खिलाड़ी का मोबाइल चोरी करके भाग रहा था।


               सेरेना ने फेसबुक पर खुद को सुपरहीरो की तरह पेश करके एक तस्वीर डाली है और उस नाटकीय घटनाक्रम को बयां किया जो उनके अनुसार एक चीनी रेस्टोरेंट में हुआ। वहां एक व्यक्ति उसके करीब खड़ा था और उनकी टेबल के काफी करीब पहुंच गया था।

               हालांकि निगरानी के लिए लगाए गए कैमरों के अनुसार कहानी इतनी नाटकीय नहीं थी जैसी सेरेना ने फेसबुक पर बतायी। सेरेना ने लिखा, मेरा मोबाइल कुर्सी पर पड़ा था लेकिन मैं अच्छा महसूस नहीं कर रही थी। वह (कथित चोर) वहां बड़ी देर से था। क्या वह ग्राहक था। मैंने सोचा कि कि क्या वह बाथरूम जाने के लिए इंतजार कर रहा है।


               इस टेनिस स्टार ने कहा कि उनकी सुपरहीरो जैसी समझ सही साबित हुई। उस व्यक्ति ने उनका मोबाइल उठाया और रेस्टोरेंट से बाहर जाने लगा। उन्होंने कहा कि वह दौड़ने लगा लेकिन मैं उससे तेज दौड़ी और मैंने जल्द ही उसे दबोच दिया।

               सेरेना के फेसबुक पर यह नहीं बताया गया है कि यह किस शहर की घटना है। उनका फोन कौन-सा था और वह किसके साथ डिनर कर रही थी। निगरानी के लिए लगाए गए कैमरों में कैद वीडियो को कल गुड मार्निंग अमेरिका कार्यक्रम में दिखाया गया जिससे अधिक जानकारी मिली।

                सेरेना ने अपने पोस्ट में लिखा है कि उन्होंने उस व्यक्ति से पूछा कि क्या उसने गलती से गलत फोन उठा लिया । उस व्यक्ति ने इसके बाद उनका फोन वापस लौटा दिया। इस मामले में कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है।रेस्टोरेंट की महिला वेटर ने कहा कि सेरेना कह रही थी कि वह उस व्यक्ति से किसी तरह का झगड़ा नहीं करना चाहती थी।सेरेना ने कहा कि अपना फोन हासिल करने के बाद रेस्टोरेंट में लौटने के बाद सभी ने खड़े होकर उनका अभिवादन किया।

Comments