'Bajirao Mastani' में ऐतिहासिक तथ्यों के साथ छेड़छाड़ का आरोप !

               रणवीर सिंह, दीपिका पादुकोण और प्रियंका चोपड़ा स्टारर फिल्म 'बाजीराव मस्तानी' रिलीज़ से पहले ही विवादों में घिर गई है और निर्देशक संजय लीला भंसाली की इस फिल्म पर बाजीराव पेशवा प्रथम के वंशजों ने ऐतिहासिक तथ्यों के साथ छेड़छाड़ करने का आरोप लगाया है।


               पेशवा के वंशज प्रसादराव पेशवा ने सरकार से इस मामले में दखल देने की मांग की है कि और कहा है कि जल्द ही रिलीज होने जा रही इस फिल्म की समीक्षा की जाए, मामले की जांच कराई जाए और उसके अनुसार फैसला किया जाए। प्रसादराव पेशवा ने कहा कि वह एक आम आदमी हैं और आने वाली फिल्म के टीजर और प्रोमो देखने के बाद उन्होंने मुख्यमंत्री को पत्र लिखा है।

               उन्होंने आरोप लगाया, 'यह पाया गया है कि रचनात्मक स्वतंत्रता के नाम पर इस फिल्म में मूल इतिहास को उलटा गया है। साथ ही, एक गीत को श्रीमंत बाजीराव पेशवा प्रथम की दो पत्नियों काशीबाई और मस्तानी पर फिल्माया गया है जो कि ऐतिहासिक तथ्यों से मेल नहीं खाती। उन्होंने यह भी कहा कि 'पिंगा' नृत्य शैली मराठी संस्कृति का एक अभिन्न हिस्सा है और इसे फिल्म में एक आइटम सॉन्ग में बदल दिया गया और इस गाने की पोशाक और डांस डायरेक्शन उसी अनुरूप है। प्रसादराव पेशवा ने कहा कि योद्धा सम्राट श्रीमंत बाजीराव पेशवा और उनकी विरासत मराठी अस्मिता का मामला है।

Comments