मुस्लिम परिवार ने 10 किलो का वनीला केक काट के मनाया गाय का जन्मदिन

            दादरी हत्याकांड के बाद से एक ओर देशभर में बीफ पर बैन को लेकर बहस चल रही है पर ऐसे में उत्तर प्रदेश के हापुड़ के एक मुस्लिम परिवार ने एक नई मिसाल पेश की है। सिकंदर गेट कॉलोनी के रहने वाले इस परिवार ने एक वर्षीय गो वंश 'जूली' का जन्मदिन मनाया।


            जूली का जन्मदिन मनाने के लिए खास इंतजाम किया गया था। जन्मदिन के अवसर पर परिवार ने 10 किलोग्राम बिना अंडे वाला केक मंगाया था। जूली को बर्थेडे कैप भी पहनाया गया था और मेहमानों के लिए पकौड़े, मिठाइयों और फलों की व्यवस्था की गई थी।

            29 वर्षीय मोहम्मद इरशाद का कहना है कि जूली और उसकी मां भोली उनके परिवार के सदस्य की तरह हैं। जिस तरह से वे अपने बच्चों का ख्याल रखते हैं वैसे ही उन दोनों का भी ख्याल रखते हैं। जब जूली के जन्मदिन का समय आया तो वे कुछ बड़ा करना चाहते थे। इसके लिए वे पहले से योजना बनाने लगे और जन्मदिन के लिए 100 से अधिक लोगों को निमंत्रित किया। उन्होंने बताया कि जन्मदिन के लिए बिना अंडे वाला वनीला केक का ऑर्डर दिया था। गेस्ट जूली के लिए के लिए उपहार भी लेकर आए थे। जूली को फल काफी पसंद है इसलिए उनके दोस्त तरबूज और केला लेकर आए थे। जूली के जन्मदिन पार्टी पर 40 हजार रुपए खर्च किए गए।

Comments